मिर्जापुर, सेक्रेड गेम्स, क्रिमिनल जस्टिस, पिचर्स, कोटा फैक्ट्री आदि जैसी मशहूर वेब सीरीज तो आप सभी ने देख ली होगी। आज हम आपको कुछ ऐसी बेहतरीन वेब सीरीज के नाम बताने जा रहे है, जो शायद अबतक आपसे ओझल रह गयी हो।
अफसोस
दिव्या चटर्जी और अनिर्बान दासगुप्ता द्वारा लिखित अमेजन प्राइम पर रिलीज यह वेब सीरीज काफी रोमांचक पूर्ण है। यह कहानी नकुल की है जिसने खुद को 11 बार मारने का प्रयास किया होता है लेकिन हर बार वह इसमें असफल रहता है। दरअसल नकुल एक परेशान किरदार है जिसकी ज़िंदगी में कुछ भी सही नही हो रहा होता है। उसे हर जगह बार बार नौकरी से निकाल दिया जाता है। लिखने का उसे काफी शौक है, लेकिन बतौर लेखक भी वह बुरी तरह असफल होता है। इन सबसे तंग आकर नकुल खुद को मारने के लिए एक एजेंसी से संपर्क करता है लेकिन इस बीच कुछ ऐसा होता है जिससे नकुल के जीवन मे भूचाल आ जाता है।
काली
यह कहानी एक ऐसी माँ की है जिसका बेटा अस्पताल में भर्ती है और उसे 24 घंटे के भीतर अपने बच्चे के आपरेशन के लिए कुल छह लाख रुपये जमा करने है। वह अपने बच्चे को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। और इस सफर में एक माँ का जज्बा और जुनून देखने लायक है। काली मूलतः बंगाली वेब सिरीज़ है जिसकी हिंदी डबिंग भी आसानी से उपलब्ध है।
द फैमिली मैन
अमेजॉन प्राइम की इस वेब सिरीज़ से मनोज बाजपेयी ने अपना डिजिटल डेब्यू किया है। इस वेब सिरीज़ की कहानी एक इंटेलिजेंस एजेंसी (TASC) में काम करने वाले एजेंट "श्रीकांत तिवारी" पर आधारित है। श्रीकांत जोकि बेहद ही जिम्मेदार पारिवारिक व्यक्ति होने के साथ साथ एक आला दर्जे का अफसर भी है। हालांकि उसकी बीवी और उसके बच्चे इस बात से जरूर नाराज़ रहते है कि वह अपनी फैमिली को पर्याप्त समय नही दे पाता। इस बीच इंटेलिजेंस की रिपोर्ट आती है कि एक हमला होने वाला है, जिसे नाकाम करने में श्रीकांत अपनी टीम के साथ जुट जाता है।
लाखों में एक
सरकार की तरफ से डॉक्टर श्रेया शीतलपुर नाम के एक गाँव में मोतियाबिंद का कैम्प सेटअप करने के लिए जाती है। लेकिन जितना आसान वह सबकुछ सोचती है वैसा कुछ भी नही होता। वह लोगों के लिए अच्छा करना चाहती है, सरकारी लाभ उनतक पहुँचाना चाहती है। लेकिन लोकल प्रशासन व ग्रामीण लोगो की अनदेखी उसके सफल कैम्प आयोजन में ढेर सारी बाधाएं उत्पन्न करते है। डॉक्टर श्रेया इस बीच निराश जरूर होती है लेकिन वह पूरी लगन से जुट जाती है सिस्टम व लोगों को बदलने में।







