देश में कोरोना धीरे-धीरे अपने पैर पसार रहा है। लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं, ऑफिस जाने वाले वर्क फ्रॉम होम की शरण में हैं, स्कूल और कॉलेजो में भी सन्नाटा पसर चुका है।
पर अब कोराना की हिम्मत कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। तभी तो इसने अब अपने चपेटे में पुलिस को भी ले लिया है। लेकिन मामले में एक ट्विस्ट भी है। और वो ये है कि हम असली वाली पुलिस की बात नहीं कर रहे। बल्कि हम बात कर रहे हैं, रोहित शेट्टी के द्वारा निर्देशित और अक्षय कुमार स्टारर फिल्म सूर्यवंशी की। जिसकी टैग लाइन है "आ रही है पुलिस"।
अक्सर फिल्मों में यह जुमला कि पुलिस हमेशा देर से ही आती है खूब इस्तेमाल होता रहा है। पर इस बार यह जुमला फिल्म इंडस्ट्री की पुलिस वाली पिक्चर पर ही लागू हो गया।
फिल्म के लीड हीरो अक्षय कुमार ने खुद एक ट्वीट के जरिए फिल्म के देर से रिलीज किए जाने की बात को लोगों तक पहुंचाया है। पहले यह फिल्म 24 मार्च को रिलीज होने वाली थी।
कोरोना का असर केवल सूर्यवंशी पर ही नहीं बल्कि पूरे इंटरटेनमेंट की इंडस्ट्री पर देखा जा रहा है। कोरोना के चलते अर्जुन कपूर और परिणिति चोपड़ा स्टारर फिल्म संदीप और पिंकी फरार की भी रिलीज डेट को आगे खिसका दिया गया है।
साथ ही फिल्मों और TV सीरियल की शूटिंग को भी फिलहाल के लिए रोक दिया गया है, जिसमें शाहिद कपूर की फिल्म जर्सी भी शामिल है।
यही नहीं कोरोना के चलते राजधानी दिल्ली के सभी थिएटर फिलहाल बंद चल रहे हैं, जिसका असर रिलीज हुई फिल्मों पर देखने को मिल रहा है। ताजा रिलीज हुई फिल्म अंग्रेजी मीडियम को काफी अच्छे रिव्यू मिलने के बाद भी कोरोना की वजह से पब्लिक इस फिल्म को देखने सिनेमाघरों तक नहीं जा रही है।
केवल फिल्म ही नहीं बल्की खेल के मैदान पर भी कोरोना का जबर्दस्त असर देखने को मिल रहा है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जाने वाली 3 मैचों की वन डे श्रृंखला को फिलहाल के लिए रद्द कर दिया गया है। यही नहीं बल्की IPL के आयोजन को भी 15 दिनों के लिए टाल दिया गया है।
No comments:
Post a Comment
आपको यह कैसा लगा? अपनी टिप्पणी या सुझाव अवश्य दीजिए।